भारत के ऑटोमोबाइल बाजार में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। Hyundai, जो अब तक देश की दूसरी सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी थी, उसे पीछे छोड़ते हुए Mahindra ने यह ताज अपने नाम कर लिया है। महिंद्रा की SUV कारों की तगड़ी डिमांड और नए मॉडल्स की बंपर बिक्री ने इसे इस मुकाम तक पहुंचा दिया है। फरवरी 2025 में Mahindra ने Hyundai से ज्यादा पैसेंजर व्हीकल बेचे, जिससे यह भारत की दूसरी सबसे बड़ी कार कंपनी बन गई।
SUV सेगमेंट में Mahindra का जलवा
महिंद्रा की इस सफलता के पीछे SUV सेगमेंट में इसकी बादशाहत सबसे बड़ी वजह रही है। कंपनी ने फरवरी 2025 में 50,420 पैसेंजर व्हीकल बेचे, जो पिछले साल की तुलना में 19% ज्यादा है। वहीं, कुल मिलाकर महिंद्रा ने 83,702 गाड़ियां बेचीं, जिसमें कमर्शियल व्हीकल्स भी शामिल हैं। कंपनी के ऑटोमोटिव डिवीजन के प्रेसिडेंट, वीजय नकरा का कहना है कि SUV पोर्टफोलियो की लगातार बढ़ती मांग ने इस ग्रोथ में अहम भूमिका निभाई है।
महिंद्रा ने 2021 से अब तक XUV700, Scorpio N, Thar Roxx, 3X0, BE 6 और XEV 9e जैसी धांसू गाड़ियां लॉन्च की हैं, जिन्हें ग्राहकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। खासतौर पर Thar Roxx ने तो लॉन्च के सिर्फ 60 मिनट के भीतर 1,76,218 बुकिंग्स हासिल कर ली थीं। इसी तरह 2022 में Scorpio N ने लॉन्च के 30 मिनट में ही 1 लाख से ज्यादा बुकिंग्स हासिल की थी। इससे साफ है कि Mahindra की गाड़ियां ग्राहकों को खूब लुभा रही हैं।
Hyundai को लगा झटका, बिक्री में आई गिरावट
दूसरी ओर, Hyundai की घरेलू बाजार में बिक्री घट गई है। फरवरी 2025 में कंपनी ने 47,727 पैसेंजर व्हीकल्स बेचे, जो पिछले साल की तुलना में 4% कम है। हालांकि, निर्यात में कंपनी ने 6.8% की बढ़त दर्ज की और 11,000 गाड़ियों को विदेशों में बेचा। लेकिन भारतीय बाजार में Mahindra के बढ़ते प्रभाव के आगे Hyundai की पकड़ थोड़ी कमजोर पड़ती नजर आ रही है।
Hyundai Creta अभी भी कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली कॉम्पैक्ट SUV बनी हुई है, लेकिन SUV सेगमेंट में Mahindra के बढ़ते दबदबे के चलते Hyundai को नई रणनीति अपनानी होगी। कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट और COO, तरुण गर्ग का कहना है कि घरेलू बाजार में भले ही चुनौतियां हों, लेकिन सरकार द्वारा प्रस्तावित टैक्स रिफॉर्म्स और बेहतर आर्थिक स्थितियां बिक्री में सुधार ला सकती हैं।
Mahindra की इस सफलता ने भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि Hyundai अपनी गिरती बिक्री को रोकने के लिए क्या कदम उठाती है। क्या कंपनी नए मॉडल्स लाकर Mahindra को कड़ी टक्कर देगी, या फिर Mahindra अपनी पकड़ और मजबूत कर लेगी? फिलहाल, भारतीय कार बाजार में SUV सेगमेंट की जंग और भी रोमांचक होने वाली है!